समान स्कूल व्यवस्था अभियान के अंतर्गत कला जत्थे द्वारा नुक्कड़ नाटकों से किया जा रहा जनजागरण

भीलवाड़ा समाचार 
जगदीश चन्द्र (लुहारिया) 
समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य को जन-जन तक पहुँचाने के लिए "समान स्कूल व्यवस्था अभियान" के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में कला जत्थे द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को समान स्कूल व्यवस्था की आवश्यकता एवं महत्व से अवगत कराना तथा सरकारी विद्यालयों को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं सर्वसुलभ बनाने के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत मांडल, जोरावरपुरा, सीड़ियास, भगवानपुरा, लिरड़िया, मेलियास, लुहारिया, भीमडियास, नीम का खेड़ा-नानकपुरा एवं बावड़ी सहित कुल 10 ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।
इसी क्रम में आज भगवानपुरा में चारभुजा मन्दिर पर एवं नानकपुरा में चौराहे पर कला जत्थे द्वारा नुक्कड़ नाटकों एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को समान स्कूल व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। वहीं, गत दिवस सीड़ियास में तालाब की पाल पर एवं लिरड़िया में चौराहे पर भी सफलतापूर्वक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे को बिना किसी भेदभाव के समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। साथ ही, सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षा की गुणवत्ता तथा समाज की सहभागिता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।
अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में शेष ग्राम पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को समान स्कूल व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जा सके तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित हो सके।